मुरादाबाद : वन विभाग के पिंजरे में एक और तेंदुए कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
- जनपद में तेंदुए ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को बना चुका है अपना निवाला
- संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद में मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा रेंज के ग्राम सैंजनी में गुरुवार सुबह एक तेंदुआ ट्रैप केज के माध्यम से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। जनपद में पिंजरे के माध्यम से रेस्क्यू किया जाने वाला यह 13वां तेंदुआ है। बीते माह से ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए ने तीन महिलाओं सेमत चार लोगों को अपना निवाला बनाया है।
जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। साथ ही प्रशासनिक स्तर से पूरे संवेदनशील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामों ने सतर्कता एवं जागरूकता के लिए चौपालें आयोजित की जा रही हैं। पूरे संवेदनशील क्षेत्र से अब तक 13 वें तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुरादाबाद जनपद के कई थाना क्षेत्रों के कई गांव में बीते एक माह में तेंदुए कई लोगों काे और उनके जानवरों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसके बाद से इलाके में तेंदुए की सक्रियता ने विभिन्न क्षेत्रों के कई गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रखी थी। खेत में काम करने वाले किसानों और चारा लेने जाने वाली महिलाओं को भी डर लग रहा था कि कब तेंदुआ उन पर हमला कर दें। हालांकि वन विभाग ने लाेगाें काे सतर्कता बरतने के साथ प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाते हुए कई जगह पिंजरे लगाए थे। इन्हीं पिंजराें में से एक पिंजरे गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे के आसपास वन विभाग की रेस्क्यू टीम को ठाकुरद्वारा रेंज के अन्तर्गत ग्राम सैंजनी क्षेत्र में एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो जाने की सूचना मिली। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया।
तेंदुए के पिंजरे में कैद हो जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब उसके शारीरिक परीक्षण के बाद घने जंगल में छाेड़ा जाएगा, ताकि वह दाेबारा गांव की ओर न आ सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

