खतौनी संशोधन में लापरवाही व धन मांगने के आरोप में लेखपाल निलंबित
देवरिया, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक खतौनी के अंश सुधार एवं नाम संशोधन के मामले में लापरवाही और अनाधिकृत धन की मांग के आरोप में क्षेत्रीय लेखपाल को बुधवार को निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के जनता दर्शन में ग्राम चांदपलिया, पोस्ट इटहुआ निवासी अंगद यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जनवरी 2026 को आवेदन देने के बावजूद खतौनी में अंश सुधार व नाम संशोधन की कार्रवाई लंबित है। आरोप है कि संबंधित लेखपाल द्वारा कार्यवाही के लिए अनाधिकृत धन की मांग की जा रही थी। इस प्रकरण की प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें क्षेत्रीय लेखपाल राजीव यादव प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। जांच में धन उगाही का तथ्य भी सामने आया।
उप जिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तवा ने आरोपित लेखपाल राजीव यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए नायब तहसीलदार भटनी हरि प्रसाद को जांच अधिकारी नामित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

