लेखपाल चयन परीक्षा : 12 परीक्षा केंद्रों पर 4,968 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल
देवरिया, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गुरुवार को लेखपाल चयन परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,968 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुबह आठ बजे परीक्षा केंद्रों के गेट खोले गए, जिसके बाद अभ्यर्थियों को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले त्रिस्तरीय जांच की गई। इसमें प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच के साथ सुरक्षा उपकरणों से तलाशी ली गई। अभ्यर्थियों को गेट पर बेल्ट उतारने के निर्देश भी दिए गए। बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए एसटीएफ और एसओजी की टीमें तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 150 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इंस्पेक्टर, दरोगा और पुलिस बल लगातार परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में गश्त करते रहे।
जिले में अशोक इंटर कॉलेज डुमरी रामपुर कारखाना, बाबा राघव दास इंटर कॉलेज, दीनानाथ पाण्डेय राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज मझगांवा, राजकीय इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज सोनूघाट और जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना सहित 12 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इसके अलावा लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज बैतालपुर, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज, महाराजा इंटर कॉलेज जलकल रोड, पीएम श्री कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बांस देवरिया और एसएसबीएल इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

