home page

निर्माण कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी

 | 
निर्माण कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी


- अनुपस्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत को कारण बताओ नोटिस

देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए को संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पूर्व सभी प्रमुख सड़क परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, भूमि अधिग्रहण एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राम-जानकी मार्ग, नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग, सलेमपुर बाईपास, देवरिया बाईपास और तमकुहीराज-मझौली मार्ग के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जहां अंश निर्धारण लंबित है, वहां संबंधित उप जिलाधिकारी जमीन का चिन्हांकन और अंश निर्धारण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंश निर्धारण के कारण किसी भी परियोजना का निर्माण कार्य बाधित नहीं होना चाहिए।

बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े विद्युत पोल शिफ्टिंग जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर विभाग की अनुपस्थिति के कारण चर्चा नहीं हो सकी। बिना अनुमति एवं पूर्व सूचना के मुख्यालय से बाहर रहने पर अधीक्षण अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक