मुरादाबाद में 148 बैंक्वेट और मैरिज हॉल चिन्हित, 95 पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर वाद दायर
मुरादाबाद, 17 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर में बिना पार्किंग संचालित हो रहे बैंक्वेट और मैरिज हॉल पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हाे गई है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) क्षेत्र में चिन्हित 148 बैंक्वेट और मैरिज हॉल में से 95 में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत इनके खिलाफ वाद दायर किए गए हैं, जिनमें से 14 हॉल सील भी हो चुके हैं।
मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कट तत्काल बंद कराने को कहा। उन्होंने अगली बैठक से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी। टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने हिट एंड रन के लंबित मामलों में मृतकों और घायलों के आश्रितों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए। डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने को भी कहा गया। दुर्घटना स्थलों पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम को मानक के अनुरूप टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए गए। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल हटाने को भी कहा गया।
उन्होंने बताया कि 148 बैंक्वेट और मैरिज हॉल में से 53 बैंक्वेट और मैरिज हॉल में पार्किंग की व्यवस्था कर ली गई है। जबकि 95 में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। बैठक में विद्यालयों में भी पार्किंग सुनिश्चित करने के लिए डीआईओएस और बीएसए को निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक यातायात रचना मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।
---------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

