home page

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए मुरादाबाद में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू

 | 
सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए मुरादाबाद में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू


जिलाधिकारी ने विशेष टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, पहले दिन 50 किशोरियों टीकाकरण

मुरादाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए आगामी 3 माह तक कैम्पेन मोड में चलाये जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान का बुधवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जिला महिला चिकित्सालय में शुभारंभ किया गया।

जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय में भावना, परधी एवं खुशी को यूविन पोर्टल से जारी टीकाकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही इस दौरान पहले दिन 50 किशोरियों का सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में 38700 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये एचपीवी (हयूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का टीका लगाया जायेगा, जिसमें ऐसी किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया, परन्तु 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक गम्भीर बीमारी है, लेकिन समय पर एचपीवी वैक्सीन के जरिए इससे बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत किशोरियों को गार्डासिल-4 (क्वाड्रिवैलेंट 6,11,16,18) एच.पी.वी. वैक्सीन की एक खुराक दी जायेगी। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों (जन मानस) से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में जरूर शामिल करवाएं, जिससे कि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गम्भीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सहयोगी संस्था यूनिसेफ, जेएसआई, डब्लूएचओ एवं सार्ड के प्रतिनिधियों व स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आदि ने प्रतिभाग किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल