मिलावटखोरों के विरुद्ध वृहद अभियान चलाएं, लोक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी
कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। जनपद में मिलावटखोरों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जाए। लोक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और मिलावटखोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह बातें मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक में कहीं।
नवीन सभागार, सरसैया घाट में आयोजित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जून माह के दौरान रंगीन आलू, मिलावटी अचार, हानिकारक मोमोज, रंगीन फिंगर चिप्स और मिलावटी टोमेटो सॉस के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने रंगीन आलू बेचने वाले व्यक्ति का मंडी लाइसेंस अब तक निरस्त न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मंडी सचिव से स्पष्टीकरण तलब करते हुए लाइसेंस तत्काल निरस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही यदि संबंधित व्यक्ति जीएसटी में पंजीकृत है तो उसकी सूचना जीएसटी विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में मिलावटखोरी के मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों अथवा कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए और आवश्यक होने पर जीएसटी पंजीकरण निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाए। इसके अलावा सभी उचित दर की दुकानों और आबकारी विभाग से अधिकृत शराब की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष कुमार द्वारा कार्य में अपेक्षित रुचि न लेने पर उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों को खुफिया सूचना तंत्र मजबूत करने, लक्षित छापेमारी बढ़ाने और लगातार प्रवर्तन अभियान चलाने के लिए कहा गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि एक अप्रैल से 15 जुलाई के बीच जनपद में 249 छापेमारी अभियान चलाए गए। इस दौरान 405 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 153 नमूने अधोमानक पाए गए। इसी अवधि में 298 वादों का निस्तारण करते हुए संबंधित कारोबारियों पर कुल अठहत्तर लाख छब्बीस हजार रूपये का अर्थदंड लगाया गया।
बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव आर.के. सफ्फड़ ने खाद्य प्रतिष्ठानों और रेस्टोरेंट में स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने का सुझाव दिया। इस अवसर पर एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, एडीसीपी महेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रीति सिन्हा, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

