गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए 51 गांवों की भूमि की जांच शुरू
मुरादाबाद, 8 अप्रैल (हि.स.)। जिले के 51 गांवों से होकर गुजरने वाले गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए जमीन का अधिग्रहण करने को गाटा संख्या के रकबे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद एनएचएआई अधिग्रहण के लिए बैनामों पर रोक का निर्णय लेगा। यह एक्सप्रेसवे मंडल के पांचों जिलों मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर से होकर निकलेगा।
एनएचएआई ने जिला प्रशासन को तृतीय चरण के लिए पहले 60 गांवों की सूची जारी की थी लेकिन मार्ग का ड्रोन से फिर निरीक्षण करने के बाद 51 गांवों की संशोधित सूची जारी कर दी है। इसमें मुरादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव करिया नगला एहतमाली, बुढ़ानपुरी एहतमाली, बुढ़ानपुर मुस्तकम, भवानीपुर, बद्धपुरा मझरा कुरी, कुकरझुंडी, नरेंद्रपुर और लालपुर पुरोहित गांव शामिल हैं। कांठ तहसील क्षेत्र के 18 गांव और ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के 25 गांव शामिल किए गए हैं।
एसएलओ एवं सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय ने बुधवार को बताया कि अभी गाटा संख्या का खसरा खतौनी से मिलान करने के लिए तीनों तहसीलों के अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं। एनएचएआई द्वारा गजट प्रकाशित कराने के बाद रजिस्ट्री पर रोक लगाते हुए अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी। एनएचएआई के पीडी अरविंद कुमार का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है। अभी ज्यादा ब्याैरा उपलब्ध कराना ठीक नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

