home page

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में लक्ष्य शुक्ला ने जिले में किया टॉप

 | 
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में लक्ष्य शुक्ला ने जिले में किया टॉप


लखीमपुर खीरी, 13 मई (हि.स.)। निघासन तहसील क्षेत्र के ग्राम बरोठा निवासी 11 वर्षीय होनहार छात्र कार्तिकेय शुक्ला उर्फ लक्ष्य शुक्ला ने अपनी मेधा से पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। लक्ष्य ने 'भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा' में लखीमपुर खीरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर जिले में शीर्ष स्थान पाने की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की है।

अमर प्रकाश शुक्ला के सुपुत्र लक्ष्य ने न केवल इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि हाल ही में उन्होंने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा भी अच्छे रैंक के साथ उत्तीर्ण की है। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए लक्ष्य ने बताया कि कड़ी मेहनत और संस्कारों के समन्वय से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। ग्रामीणों और शिक्षकों का कहना है कि आज के दौर में जहां बच्चे अपनी संस्कृति से दूर हो रहे हैं, वहीं लक्ष्य की यह रुचि और सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव