home page

लक्खीशाह बंजारा सामाजिक समरसता, राष्ट्रसेवा के प्रतीक: राकेश मौर्य

 | 
लक्खीशाह बंजारा सामाजिक समरसता, राष्ट्रसेवा के प्रतीक: राकेश मौर्य


जौनपुर,04 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी ने बाबा लक्खीशाह बंजारा की जयंती जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में शनिवार को श्रद्धापूर्वक मनाई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा लक्खीशाह बंजारा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन, संघर्ष, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र सेवा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया।

जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा लक्खीशाह बंजारा ने अपने साहस, त्याग और समाज सेवा के बल पर इतिहास में गहरी छाप छोड़ी है। उनका जीवन हमें सामाजिक न्याय, भाईचारे, समानता और मानवता की सेवा के लिए सदैव प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सद्भाव और पिछड़े, वंचित एवं शोषित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भी जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की। इसमें संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा जनता की समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। साथ ही आगामी संगठनात्मक रूपरेखा भी तैयार की गई।

राकेश मौर्य ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों एवं पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए समाजवादी पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का निर्देश दिया।

इस दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर 1 जुलाई से 7 जुलाई तक पीडीए पाैधरोपण कार्यक्रम को भव्य स्तर पर आयोजित किया जाए। बैठक का संचालन ज़िला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव