पोखरे में मिला मजदूर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित बक्शा थाना क्षेत्र के सरायरैचंद गांव में शुक्रवार सुबह एक मजदूर का शव पोखरे में मिलने से हड़कम्प मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार गौड़ (35) पुत्र धनु गौड़ निवासी सरायरैचंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे गांव का ही एक व्यक्ति उसे खेत में काम कराने के बहाने अपने साथ ले गया था।इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के ही पोखरे में उतराता हुआ पाया गया।
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मजदूरी के पैसों को लेकर चल रहे विवाद के चलते धर्मेंद्र की हत्या कर शव को पोखरे में फेंक दिया गया। परिजनों के आरोपों से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सूचना पर बक्शा थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह व फतेहगंज चौकी प्रभारी सकलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

