नहर में उतराता मिला मजदूर का शव, नशे में पैर फिसलने से डूबने की आशंका
बांदा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू कस्बे में रविवार सुबह तिंदवारी रोड स्थित नहर पटरी के पास 60 वर्षीय मजदूर का शव पानी में उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास की महिलाओं ने शव देखा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रथम दृष्टया नशे की हालत में पैर फिसलने से नहर में डूबकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फतेहपुर जिले के खागा निवासी रईश शाह पुत्र नवाह शाह पिछले कई वर्षों से बबेरू कस्बे में रहकर मजदूरी करता था। वह पूर्व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय विक्रम की डेयरी में काम करता था। बताया जाता है कि शनिवार रात करीब नौ बजे वह गोशाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान नहर के पास कथित तौर पर नशे की हालत में पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। रविवार सुबह नहर में उसका शव उतराता दिखाई दिया।
घटनास्थल से करीब दस मीटर की दूरी पर मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और डायरी मिली। वहीं, कुछ दूरी पर आरसीसी सड़क पर उसकी लाठी, कीपैड मोबाइल और गमछा पड़ा मिला। पुलिस ने डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त की और उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के मुताबिक, रईश अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका एक भाई महाराष्ट्र के मुंबई में रहकर निजी वाहन चलाता है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मजदूर की नहर में डूबने से मौत होने की आशंका है। मृत्यु का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

