कानपुर: नगर निगम ने अवैध चट्टा हटाओ अभियान में आठ पशु किए जब्त, 20 आवारा पशु गौशाला भेजे
कानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। कानपुर नगर निगम ने शहर को आवारा पशुओं और अवैध चट्टों से मुक्त कराने के अभियान के तहत गुरुवार को कल्याणपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान आठ पशुओं को जब्त किया गया, जबकि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 20 आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजे गए।
नगर आयुक्त के निर्देश पर माधवपुरम, आईआईटी के पास कल्याणपुर में अवैध चट्टा हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पांच भैंस और तीन गाय सहित कुल आठ पशुओं को जब्त कर जाजमऊ स्थित कांजीहाउस में निरुद्ध कराया गया। इसके अलावा बारादेवी, बर्रा-2, श्यामनगर, रामादेवी चौराहा समेत अन्य क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 20 आवारा पशुओं को पकड़ा गया, जिन्हें किशनपुर स्थित कान्हा गौशाला में संरक्षित किया गया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने पशुपालकों और चट्टा संचालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को नगर सीमा के बाहर स्थानांतरित करें तथा उन्हें सड़कों पर खुला न छोड़ें। साथ ही गोबर को नालियों में न बहाएं। इससे बारिश के मौसम में नालियां जाम हो जाती हैं और फिर जलभराव की स्थिति से जूझना पड़ता है। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सड़क पर छोड़े गए पशुओं को जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में पशुपालकों से जुर्माने के रूप में 60 लाख 56 हजार रुपये की वसूली की गई थी। वहीं, वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 18 लाख 17 हजार रुपये जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया जा चुका है।
अभियान के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, प्रवर्तन अधिकारी कर्नल आलोक नारायण, राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार, प्रवर्तन दल के सदस्य सत्यवीर, रामेंद्र, मनोज, जितेंद्र और राज नारायण सहित कैटल कैचिंग वाहन का दस्ता मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

