home page

बहुभोज में चाकूबाजी और मारपीट, युवक की मौत, किशोर गंभीर

 | 
बहुभोज में चाकूबाजी और मारपीट, युवक की मौत, किशोर गंभीर


जौनपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ककुहा गांव में शुक्रवार शाम बहुभोज के कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी हो गई। घटना में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान गांव निवासी बिंद्रेश राजभर उर्फ कल्लू (26) पुत्र लालन राजभर के रूप में हुई है। बताया गया कि बिंद्रेश बहुभोज कार्यक्रम में टेंट लगाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कल्लू राजभर ने रितेश तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू किशोर की आंख के नीचे लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद जवाबी हमले में कल्लू राजभर पर ईंट से हमला किया गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका भी जताई है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि बहुभोज कार्यक्रम के दौरान गांव के ही दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से हुई मारपीट में एक युवक की मौत हुई है और एक किशोर घायल हुआ है। घायल किशोर का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त कर ली है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव