किसान मेले में 50 लाख के बीज-पौधों की बिक्री, 25 हजार लोगों ने लिया हिस्सा
कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले में 50 लाख रुपये से अधिक के बीज एवं पौध सामग्री की बिक्री हुई। मेले में 25 हजार से अधिक लोगों ने सहभागिता की। यह जानकारी शनिवार को निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने दी।
15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित किसान मेले का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एचबीटीयू के कुलपति डॉ. शमशेर सिंह और राष्ट्रीय शर्करा संस्थान की निदेशक डॉ. सीमा परोहा ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने, कृषि विविधीकरण, बेहतर विपणन तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने हरित क्रांति में विश्वविद्यालय के योगदान की सराहना की।
मेले में 175 से अधिक स्टॉलों पर कृषि तकनीक, उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। ड्रोन तकनीक, स्मार्ट फार्मिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती की जानकारी दी गई। करीब 35 स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों और उद्यमों का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि किसान मेला वैज्ञानिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और किसानों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। किसानों का विश्वविद्यालय पर विश्वास उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। समारोह में भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. जीपी दीक्षित सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक और किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

