home page

निः शुल्क सेमी मोटराइज्ड दोना मेकिंग मशीन हेतु आवेदन 10 जून तक, खादी विभाग देगा स्वरोजगार का अवसर

 | 
निः शुल्क सेमी मोटराइज्ड दोना मेकिंग मशीन हेतु आवेदन 10 जून तक, खादी विभाग देगा स्वरोजगार का अवसर


लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित निःशुल्क टूल किट्स वितरण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में सेमी मोटराइज्ड दोना मेकिंग मशीन के चयन एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ए०के० गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक लाभार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upkvib.gov.in के माध्यम से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत दोना-पत्तल निर्माण कार्य से जुड़े कारीगरों एवं इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले परंपरागत व्यक्तियों को निःशुल्क सेमी मोटराइज्ड मशीन प्रदान कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ए०के० गौतम ने बताया कि आवेदन हेतु अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र एवं संस्तुति पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत जाति प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर आदि आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।

उन्होंने कहा कि लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 8 कैण्ट रोड, कैसरबाग, लखनऊ में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।

इस योजना के माध्यम से प्रदेश में पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनके आय के स्रोत को सुदृढ़ करने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय