नारी शक्ति वंदन के तहत प्रदेशभर में होगी 'जन आक्रोश रैली'
विपक्ष ने महिलाओं के सम्मान पर किया कुठाराघात: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि विपक्ष की मानसिकता सदैव महिला विरोधी रही है और इन पार्टियों ने देश की आधी आबादी के हक और सम्मान पर हमेशा कुठाराघात किया है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नारी शक्ति के अपमान और विपक्ष के अड़ियल रवैये के खिलाफ प्रदेश सरकार 'नारी शक्ति वंदना' अभियान के तहत कल (मंगलवार) काे एक विशाल 'जन आक्रोश रैली' का आयोजन करने जा रही है। श्री मौर्य ने बताया कि यह रैली उन ताकतों को जवाब देगी जिन्होंने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की माताओं और बहनों के सर्वांगीण उत्थान और उन्हें विधायी कार्यों में उचित भागीदारी देने के लिए महिला आरक्षण बिल का मसौदा पटल पर रखा था। लेकिन, विपक्ष ने अपनी गहरी चालों और नकारात्मक राजनीति के जरिए इसे विफल करने का कुत्सित प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह साजिश देश की नारी शक्ति को कमजोर करने की कोशिश थी, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।
सपा के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर प्रहार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अब इस खेल को पूरी तरह समझ चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज समाज का हर वर्ग, हर धर्म और हर जाति के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। विपक्ष के पास न कोई विजन है और न ही जनता के प्रति ईमानदारी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' से लेकर 'नारी शक्ति वंदना अधिनियम' तक महिलाओं को सशक्त बनाया है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास के दम पर महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है। तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति करने वाले दल अब हाशिए पर हैं। उपमुख्यमंत्री ने अंत में आह्वान किया कि कल की जन आक्रोश रैली ऐतिहासिक होगी और यह नारी शक्ति के स्वाभिमान की एक नई इबारत लिखेगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

