home page

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर नजर रखें, सोशल मीडिया में अनावश्यक कमेंट से दूरी बनाएं : हाजी फजल महमूद

 | 
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर नजर रखें, सोशल मीडिया में अनावश्यक कमेंट से दूरी बनाएं : हाजी फजल महमूद


कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश के मुताबिक कार्यकर्ता फिलहाल सोशल मीडिया पर किसी के पक्ष या विपक्ष में पोस्ट न करें और न ही अनावश्यक कमेंट करें। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की वोटर लिस्ट पर नजर रखें और फॉर्म-6, 7 व 8 के जरिए जुड़ने, हटने और संशोधन होने वाले नामों की जानकारी रखें। यह बातें सोमवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने लखनऊ में हुई बैठक से लौटने के बाद कहीं।

उन्होंने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्षों और पांचों विधानसभाओं की वोटर लिस्ट का काम देख रहे पदाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई थी। बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची से जुड़े कार्यों और सोशल मीडिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हाजी फजल महमूद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जुड़ने, फॉर्म-7 के माध्यम से नाम हटाए जाने और फॉर्म-8 के जरिए नाम या पते में संशोधन की प्रक्रिया पर नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि किसी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाए जाने या सूची में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल संगठन को इसकी जानकारी दी जाए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार कानपुर महानगर में भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखेंगे। फिलहाल कार्यकर्ताओं का पूरा ध्यान संगठनात्मक गतिविधियों और वोटर लिस्ट के काम पर रहेगा।

बैठक में महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव मिंटू, गोविंद नगर विधानसभा से विनय गुप्ता, सीसामऊ से आसिफ कादरी, आर्य नगर से शिखर बाजपेई, किदवई नगर से सुधांशु मिश्रा और कैंट से करन सिंह मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप