home page

मुरादाबाद की कादंबरी विश्व हिंदी परिषद संयुक्त राज्य अमेरिका की महामंत्री बनीं

 | 
मुरादाबाद की कादंबरी विश्व हिंदी परिषद संयुक्त राज्य अमेरिका की महामंत्री बनीं


मुरादाबाद, 11 सितम्बर (हि.स.)। यूएसए में रह रहीं मुरादाबाद निवासी कादंबरी विश्व हिंदी परिषद संयुक्त राज्य अमेरिका की महामंत्री बनी हैं। कादंबरी को पंकस द्वारा वैश्विक राजदूत भी नियुक्त किया गया है।

कादंबरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली एक प्रसिद्ध भारतीय गायिका, संगीतकार, कवयित्री और तबला वादक हैं। कादंबरी मुरादाबाद के प्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय एमएम गोस्वामी और सुनीता गोस्वामी की सुपुत्री हैं। उनका विवाह प्रख्यात संगीतकार-साहित्यकार प्रो. हरि शंकर आदेश के पुत्र पंडित विवेक एस. आदेश से हुआ है।

कादंबरी के भाई डा नवनीत गोस्वामी ने बताया कि कादंबरी उन्हें वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति और हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार करने के लिए विश्व हिंदी परिषद द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका का महामंत्री और पंकस द्वारा वैश्विक राजदूत नियुक्त किया गया है।

कादंबरी पिछले कई दशकों से अमेरिका और अन्य देशों में रहकर प्रवासी भारतीयों और उनके बच्चों को हिंदी भाषा, संगीत, धार्मिक ग्रंथों और भारतीय परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। भारतीय संगीत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अद्वितीय पहचान दिलाने के लिए उनके नाम 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने बॉलीवुड के कलाकारों के साथ भी काम किया है और उनके भजन व गीत विभिन्न संगीत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

कादंबरी संगीत के माध्यम से अल्जाइमर, डिमेंशिया और अकेलेपन से जूझ रहे लोगों की थेरेपी करने तथा बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने के लिए भी जानी जाती हैं। उन्हें नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 'विश्व हिंदी सेवा सम्मान' से भी सम्मानित किया जा चुका है, जहां उन्होंने हिंदी के वैश्विक विकास पर अपने विचार रखे थे।

एक महिला सांस्कृतिक राजदूत के रूप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व संभालते हुए डॉ. कादंबरी ने यह साबित किया है कि उत्तर प्रदेश की बेटियां यदि ठान लें, तो वे दुनिया के किसी भी कोने में अपनी संस्कृति की पताका फहरा सकती हैं। वैश्विक पटल पर उनकी इस अनवरत साधना और हिंदी के प्रति उनके समर्पण ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे भारतवर्ष को गौरवान्वित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल