home page

केडीए ने अवैध निर्माणों पर दाे परिसराें काे किया सील, तीन काे नाेटिस जारी : डॉ. रवि प्रताप सिंह

 | 
केडीए ने अवैध निर्माणों पर दाे परिसराें काे किया सील, तीन काे नाेटिस जारी : डॉ. रवि प्रताप सिंह


कानपुर, 14 मई (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने गुरुवार को अवैध निर्माण और विकास कार्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 900 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने दो परिसरों को सील कर दिया। इसके साथ ही लगभग 2050 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए जा रहे तीन अन्य निर्माणों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए हैं। यह जानकारी विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-1बी) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने दी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी स्थित प्लाट संख्या 43 और 44 पर लगभग 600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। निर्माणकर्ता को पूर्व में कारण बताओ नोटिस और पुलिस पत्र जारी किए जाने के बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया था।

उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई नवाबगंज क्षेत्र स्थित विला संख्या-08, आराजी संख्या-61 (पार्ट) में की गई, जहां लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट और अतिरिक्त तल का निर्माण किया जा रहा था। इस परिसर को भी सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

केडीए ने तीन अन्य अवैध निर्माणों को भी चिन्हित किया है, जिनमें गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी स्थित श्री क्रिस्टल प्लाजा, शक्ति इन्फ्रा विजन प्राइवेट लिमिटेड तथा बिसायकपुर बांगर क्षेत्र में हो रहे निर्माण शामिल हैं। इन सभी निर्माण स्थलों पर स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

प्रवर्तन अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह एवं पुलिस बल मौजूद रहा। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आमजन से अपील की कि केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद ही निर्माण कार्य करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही भवन निर्माण कराया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप