केडीए की कार्रवाई, बैरी अकबरपुर में होटल व गेस्ट हाउस के दो अवैध निर्माण सील
कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को जोन-वन बी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैरी अकबरपुर में करीब चार बीघा क्षेत्रफल में बन रहे होटल और गेस्ट हाउस के दो परिसरों को सील कर थाना कल्याणपुर पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया।
यह कार्रवाई केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-वन बी) व उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों के अनुसार, बैरी अकबरपुर में आराजी संख्या 929 पर करीब दो बीघा क्षेत्रफल में होटल और आराजी संख्या 930 पर करीब दो बीघा क्षेत्रफल में गेस्ट हाउस के लिए निर्माण कराया जा रहा था। संबंधित निर्माणकर्ताओं को पहले कारण बताओ नोटिस और पुलिस पत्र जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद मानकों के विपरीत चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन टीम ने इसके अलावा गम्भीरपुर, सिंहपुर बाजार रोड क्षेत्र में लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही दो अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित किया है। इनमें अभिमन्यु, गौरव भदौरिया व अन्य लाेग करीब 32 बीघा तथा रामलाल व अन्य लाेग करीब 18 बीघा क्षेत्र में प्लाटिंग और विकास कार्य करा रहे है। जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। अधिकारियों ने बताया कि समुचित जवाब न मिलने पर यहां भी सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सिंहपुर कछार, गंगपुर चकबदा सहित अन्य गांवों में करीब 11 बीघा क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए 17 मार्च की तिथि तय की गई है। इस दौरान प्रवर्तन टीम के साथ अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राजकुमार, लाल सिंह और थाना कल्याणपुर का पुलिस बल मौजूद रहा।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

