home page

अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर केडीए सख्त, 52 प्रतिष्ठानों को नोटिस

 | 
अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर केडीए सख्त, 52 प्रतिष्ठानों को नोटिस


कानपुर, 24 जून (हि.स.)।। अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बुधवार को कानपुर विकास प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने विभिन्न जोनों में अभियान चलाकर 52 प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया है और उन्हें सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए हैं।

कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर बुधवार को सभी जोनों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कोचिंग संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न जोनों में कुल 52 प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया गया, जहां अग्निशमन उपकरण, आपात निकास, विद्युत सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को लेकर कमियां पाई गईं। इन प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण ने उन भवन स्वामियों को भी चिन्हित किया है, जिनके यहां बेसमेंट में कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम अथवा अन्य गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ऐसे भवन स्वामियों को बेसमेंट से उक्त गतिविधियां हटाने के लिए सूचित किया जा रहा है।

केडीए सचिव अभय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सभी जोनों में ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान का अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्धारित अवधि के भीतर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप