home page

कावड़ यात्रा काे सकुशल सम्पन्न कराने के डीएम-एसपी ने  दुर्वासा आश्रम व पांचाल घाट का निरीक्षण किया

 | 
कावड़ यात्रा काे सकुशल सम्पन्न कराने के डीएम-एसपी ने  दुर्वासा आश्रम व पांचाल घाट का निरीक्षण किया


फर्रुखाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास के दौरान आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारीडॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मंगलवार शाम पांचाल घाट एवं दुर्वासा ऋषि आश्रम के आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा प्रबंध तथा यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को मानक के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पांचाल घाट एवं महर्षि दुर्वासा आश्रम परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी बल दिया, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पांचाल घाट के आसपास पानी की गहराई के चेतावनी चिन्ह लगाए जिससे श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को स्नान के दौरान एवं पूजा के लिए जल भरने के दौरान किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि घाट के आसपास स्थित पूजन सामग्री की दुकानों को व्यवस्थित कारण इसके साथ ही घाट पर उचित संख्या में सफाईकर्मी तैनात कर सफाई व्यवस्था पूर्ण कराएं। दुर्वासा ऋषि आश्रम के आसपास स्थित गंगा नदी घाट के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की गांव पंचायत की निधि से गंगा नदी के आसपास सुव्यवस्थित ढंग से साफ सफाई करें, इसके साथ ही घाट के किनारे कूड़ा दान भी रखवाएं, जेसीबी मशीन से आसपास स्थित झाड़ियों एवं कूड़े की साफ सफाई कराएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar