कांवड़ मार्गों पर दृष्टिकरण का कार्य शुरू, लगेंगे साइन बोर्ड
बागपत, 18 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास की महाशिवरात्रि पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए बागपत जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लगातार अधिकारियों व मेला समिति के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी शिवभक्त को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
तहसील बागपत क्षेत्र के ग्राम पूरा स्थित प्राचीन परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर में हर वर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है, जहां लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर जलाभिषेक करते हैं। इस बार प्रशासन ने कांवड़ मार्गों की मरम्मत, पैचवर्क और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। मुजफ्फरनगर–बड़ौत–बुढ़ाना मार्ग पर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य मार्गों पर तेजी से काम जारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्ट्रीट लाइट और हैंडपंपों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर मोबाइल मेडिकल टीमें तैनात करने और सभी चिकित्सा केंद्रों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस वर्ष कांवड़ यात्रा को “भक्ति भी, प्रकृति भी” थीम के तहत जीरो वेस्ट महाउत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

