home page

कानपुर की रेल परियोजनाओं को गति देना जरूरी : सांसद रमेश अवस्थी

 | 
कानपुर की रेल परियोजनाओं को गति देना जरूरी : सांसद रमेश अवस्थी


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। कानपुर की बढ़ती आबादी और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप रेलवे की लंबित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं में तेजी लाना जरूरी है। यह बातें मंगलवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सांसद रमेश अवस्थी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर शहर से जुड़ी विभिन्न रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कानपुर की बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया।

सांसद ने मंधना रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे और सड़क से संबंधित जरूरी कार्यों को जल्द आगे बढ़ाने का अनुरोध किया।

बैठक में अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने रेल मंत्री से परियोजना की वर्तमान स्थिति, आगे की प्रक्रिया और समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से शहर में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी और बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा होगी।

इसके अलावा कानपुर में चल रही अन्य रेलवे परियोजनाओं, रेलवे स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में शामिल है। ऐसे में शहर की जरूरतों के अनुरूप रेलवे सुविधाओं का विस्तार और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कानपुर से जुड़े रेल संबंधी मुद्दों को लेकर वह लगातार केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के संपर्क में हैं और जनहित के विषयों को प्राथमिकता से उठा रहे हैं।

सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्री के सहयोग से कानपुर की महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को गति मिलेगी और आने वाले समय में शहरवासियों को बेहतर रेल एवं यातायात सुविधाएं मिलेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप