home page

श्रीलंका में चमकी कानपुर की प्रियांशी, भारत को दिलाया टी-20 डेफ सीरीज का खिताब : जितेंद्र प्रताप सिंह

 | 
श्रीलंका में चमकी कानपुर की प्रियांशी, भारत को दिलाया टी-20 डेफ सीरीज का खिताब : जितेंद्र प्रताप सिंह


कानपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। चार मुकाबलों में छह विकेट लेकर भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम को टी-20 डेफ सीरीज-2026 का खिताब दिलाने में कानपुर की प्रियांशी दीक्षित ने अहम भूमिका निभाई। प्रियांशी की उपलब्धि पूरे कानपुर के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रियांशी को क्रिकेट किट देकर सम्मानित करते हुए कहीं।

श्रीलंका के डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सात से 13 जुलाई तक महिला टी-20 डेफ सीरीज-2026 का आयोजन हुआ। इसमें भारत और श्रीलंका की टीमों ने प्रतिभाग किया। भारतीय टीम ने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम की। कानपुर की प्रियांशी ने चार मैचों में छह विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गोपाल नगर, सैनिक चौराहा, यशोदा नगर निवासी प्रियांशी गौतम बुद्ध महाविद्यालय, सिद्धार्थ नगर, नौबस्ता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ वह क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा निखार रही हैं। भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने के बाद उन्होंने श्रीलंका में अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रियांशी को क्रिकेट किट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रियांशी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने भी प्रियांशी को भारतीय टीम की जीत में योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने प्रियांशी के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

महज 20 वर्ष की उम्र में भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय सीरीज की विजेता टीम का हिस्सा बनना प्रियांशी की उल्लेखनीय उपलब्धि है। श्रीलंका में चार मुकाबलों में छह विकेट लेकर उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप