कानपुर नगर निगम आयुक्त सीटीआई व हलवाखाड़ा नहर की बदहाल व्यवस्था देख अफसराें काे फटकारा, दिए निर्देश
कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में बरसात के बीच सीटीआई और हलवाखाड़ा नहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान नहर किनारे जमा सिल्ट, फ्लोटिंग कचरा और जलनिकासी में बाधा की स्थिति मिलने पर जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सिंचाई विभाग से सिल्ट हटवाने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने गुरुवार को जोन-3 और जोन-5 के अंतर्गत सीटीआई नहर और सचान नहर (हलवाखाड़ा) का औचक निरीक्षण किया। सीटीआई नहर के संजय नगर क्षेत्र में नहर का पानी बस्ती की ओर जाता मिला। वहीं नहर की सफाई तो कराई जा रही थी, लेकिन कई दिनों से निकाली गई सिल्ट दोनों किनारों पर पड़ी होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस पर जोनल अभियंता को सिंचाई विभाग से समन्वय कर तत्काल सिल्ट हटवाने के निर्देश दिए गए।
हलवाखाड़ा स्थित सचान नहर में हालात और अधिक खराब मिले। नहर में बड़ी मात्रा में फ्लोटिंग कचरा भरा था, जबकि डी-सिल्टिंग के बाद निकाली गई सिल्ट पुलियों और सर्विस रोड पर फैली मिली, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात में यही सिल्ट दोबारा नहर में पहुंचने से पूरी सफाई बेअसर हो जाएगी। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को विस्तृत पत्र भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचान चौराहे पर क्रॉस नाले के साइफन की भी जांच की गई। नगर आयुक्त ने बरसात के दौरान दोनों साइफन के मुहानों पर कर्मचारियों की तैनाती कर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलनिकासी बाधित न हो। इसके अलावा शास्त्री चौक से सचान चौराहे तक ग्रीन बेल्ट में गंदगी और टूटी रेलिंग मिलने पर दो दिन के भीतर सफाई कराने, क्षतिग्रस्त स्थानों पर पौधरोपण करने तथा बाहर निकले कचरे का उठान कराने के निर्देश दिए गए। इसी मार्ग पर मिले सीएंडडी वेस्ट को हटाने और संबंधित भवन स्वामियों से यूजर चार्ज वसूलने के भी आदेश दिए गए।
सीटीआई चौराहे के पास बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा पशुओं को देखते हुए नगर आयुक्त ने विशेष अभियान चलाकर उन्हें पकड़कर कांजी हाउस भेजने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

