मेट्रो कॉरिडोर-2 का निर्माण पूरी तत्परता से बढ़ रहा आगे : सुशील कुमार
कानपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विजय नगर चौराहा स्टेशन के पास पहले सीजर क्रॉसओवर की ढलाई पूरी हो चुकी है। ट्रैक निर्माण के साथ सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम लगाने का काम भी चल रहा है। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कॉरिडोर-2 की लंबाई करीब 8.60 किलोमीटर है। रावतपुर के पास स्थित डिपो से विजय नगर चौराहा स्टेशन तक डाउनलाइन पर ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इस सेक्शन पर ट्रैक की टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है। वहीं, विजय नगर चौराहा स्टेशन के पास वायाडक्ट पर कॉरिडोर के पहले सीजर क्रॉसओवर की कास्टिंग पूरी कर ली गई है। इसके अलावा मेनलाइन से डिपो तक ट्रेनों के आवागमन के लिए रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन के पास दो टर्नआउट बनाए गए हैं।
सीजर क्रॉसओवर ऐसी ट्रैक संरचना है, जिसकी मदद से मेट्रो ट्रेन एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर जा सकती है। सामान्य क्रॉसओवर में दो टर्नआउट होते हैं, जबकि सीजर क्रॉसओवर में चार टर्नआउट की व्यवस्था रहती है। इससे दोनों दिशाओं में चलने वाली ट्रेनें जरूरत के अनुसार अपना ट्रैक बदल सकती हैं।
विजय नगर के अलावा कॉरिडोर-2 के शुरुआती स्टेशन सीएसए (कृषि विश्वविद्यालय) और अंतिम स्टेशन बर्रा-8 के पास भी सीजर क्रॉसओवर बनाए जाएंगे। इस तरह पूरे कॉरिडोर पर इनकी संख्या तीन होगी। इसके अतिरिक्त रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन और बर्रा-7 एलिवेटेड स्टेशन के पास दो-दो टर्नआउट वाले सामान्य क्रॉसओवर का निर्माण किया जाएगा।
सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-1 के बाद अब कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्यों को भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरा करने के लिए टीम और कार्यदायी संस्थाएं पूरी निष्ठा से जुटी हैं। ट्रैक निर्माण के साथ अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को भी विकसित किया जा रहा है।
करीब 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) पर फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15 किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो का संचालन हो रहा है। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक शेष हिस्से में भी जल्द यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है। वहीं, कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

