home page

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन से कानपुर हुआ भक्तिमय, हजारों श्रद्धालु उमड़े

 | 
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन से कानपुर हुआ भक्तिमय, हजारों श्रद्धालु उमड़े


कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन परिसर में आयोजित मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार और ‘ॐ नमः शिवाय’ व ‘बम बम भोले’ के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति की। यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक रवि शंकर के मार्गदर्शन में चल रहे राष्ट्रव्यापी आध्यात्मिक अभियान के तहत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बेंगलुरु आश्रम से पधारे स्वामी भव्यतेज जी ने किया। उन्होंने वैदिक रीति से पूजा-अर्चना संपन्न कराई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय और जिलाधिकारी कानपुर नगर मौजूद रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। विशिष्ट अतिथियों में संजीव पाठक, डॉ. अवध दुबे, डॉ. एएस प्रसाद, पनकी हनुमान मंदिर के महंत, बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के प्रधानाचार्य बृजमोहन सिंह और योगेश सचान शामिल रहे।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं आर्ट ऑफ लिविंग फर्रुखाबाद आश्रम के ट्रस्टी दीप गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पुनर्स्थापन यात्रा देशभर में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य कर रही है। यह यात्रा 30 मार्च को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुकी है और कानपुर के बाद आगरा, वृंदावन, मेरठ, गजरौला, मुरादाबाद, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों से होकर गुजरेगी।

आयोजन को सफल बनाने में आर्ट ऑफ लिविंग की टीम का विशेष योगदान रहा। साधना कौशल, सरोज नागरथ, हितेश जैसवाल, कविता तिवारी, सुप्रिया विद्यार्थी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाएं संभालीं। मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी पुनीत अवस्थी ने निभाई, जिससे कार्यक्रम की भव्यता व्यापक स्तर पर प्रसारित हो सकी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप