कानपुर देहात से परिक्षेत्र के अन्य जनपदों में भेजे गए 32 निरीक्षक
कानपुर देहात, 17 नवंबर (हि.स.)। कानपुर परिक्षेत्र में मंगलवार काे पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यमुना प्रसाद ने परिक्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के क्रम में कानपुर देहात में तैनात 32 निरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। इन पुलिसकर्मियों को कानपुर देहात से आसपास के जनपदों में भेजा गया है।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, सभी 32 निरीक्षकों को कानपुर देहात से फतेहगढ़, कन्नौज, इटावा और औरैया जनपद में स्थानांतरित किया गया है। आदेश में संबंधित पुलिसकर्मियों के नाम, पीएनओ नंबर, गृह जनपद और नवीन तैनाती वाले जनपद का विवरण दिया गया है। स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने का उल्लेख है।
इन जनपदों में हुई तैनाती
जारी सूची के मुताबिक, निरीक्षकों को चार जनपदों में भेजा गया है। इनमें फतेहगढ़, कन्नौज, इटावा और औरैया शामिल हैं। सूची में लखन, संजीव सिंह, जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र बहादुर सिंह, महेश कुमार, अशोक कुमार सिंह, अजयपाल, धीरेंद्र सिंह, सीमा गौतम, विवेक कुमार यादव, वेद नारायण द्विवेदी, राजकुमार सिंह राठौर, भूपेंद्र सिंह, राजपाल सिंह और शादाब हसन सहित अन्य पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं।
दूसरी सूची में विनोद कुमार, जनार्दन प्रताप सिंह, प्रवीण कुमार यादव, अखिलेश कुमार जायसवाल, रामगोविंद मिश्रा, राकेश कुमार, देवेंद्र कुमार, आदेशचंद्र, हरमीत सिंह, संजेश कुमार, अब्दुल कलाम, अमरेंद्र बहादुर सिंह, सीमा सिंह, देवेंद्र विक्रम, शिवनारायण सिंह और सतीश कुमार सिंह के नाम शामिल हैं।
तीन वर्ष की अवधि पूरी होने पर स्थानांतरण
स्थानांतरण आदेश में उल्लेख किया गया है कि निर्धारित कटऑफ तिथि 31 मई 2027 तक जनपद में तीन वर्ष की अवधि पूरी करने वाले संबंधित पुलिसकर्मियों को उनके नाम के सामने अंकित जनपदों में स्थानांतरित किया जा रहा है। यह कार्रवाई परिक्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड के 16 नवंबर 2026 के निर्णय के क्रम में की गई है।
डीआईजी यमुना प्रसाद की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को नई तैनाती वाले जनपदों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। इस फेरबदल को पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/अवनीश
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

