home page

नए सत्र 2027-28 में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल देगा विशेष वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा

 | 
नए सत्र 2027-28 में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल देगा विशेष वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा


कानपुर देहात, 29 नवंबर (हि.स.)।जनपद के अकबरपुर स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विशेष योजनाओं की घोषणा की है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कक्षा एक से आठ तक प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियों में विशेष सहायता और छात्रवृत्ति का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

विद्यालय की ओर से रविवार को बताया गया कि अजित कुमार सिंह फाउंडेशन के माध्यम से संचालित इन योजनाओं में प्रत्येक श्रेणी के लिए पांच प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं।

पहली योजना सशस्त्र बल श्रेणी के अंतर्गत है। इसके तहत देश की रक्षा में सेवा के दौरान शहीद हुए सैनिकों के आश्रित बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

दूसरी योजना विशेष सहायता श्रेणी की है। इसमें ऐसे बच्चों को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से ऐसे विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च वहन किया जाएगा।

तीसरी योजना शैक्षणिक छात्रवृत्ति से संबंधित है। इसके तहत विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था की गई है।

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अकबरपुर और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े, इसी सोच के साथ संस्थान में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करना है।

इस संबंध में विद्यालय के चेयरमैन आदित्य कुमार सिंह जादौन, निदेशक पूजा सिंह जादौन, संरक्षक अनूप कुमार सिंह जादौन और प्रिंसिपल विजेता गुप्ता ने शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों से इस पहल को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी