home page

मतदाता सूची में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, हर पात्र का नाम जुड़वाएंगे : पवन गुप्ता

 | 
मतदाता सूची में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, हर पात्र का नाम जुड़वाएंगे : पवन गुप्ता


-कानपुर महानगर कांग्रेस की पांचों विधानसभा में एसआईआर सूची जांच की रणनीति

कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम कटने नहीं दिया जाएगा और छूटे हुए लोगों का नाम तेजी से जुड़वाया जाएगा। इसके लिए संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा और घर-घर जाकर जांच अभियान चलाएगा। लोकतांत्रिक अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में विशेष टीमों का गठन कर जिम्मेदारी तय की गई है। यह बातें सोमवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

चुनाव आयोग द्वारा जारी एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन को देखते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची की गहन जांच और सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, वार्ड अध्यक्षों, एसआईआर कोऑर्डिनेटरों और बीएलए को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

महानगर अध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा, जो घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगी। फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने और गलत तरीके से हटाए गए नामों को पुनः सूची में शामिल कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता आम जनता से सीधे संपर्क कर उन्हें जागरूक भी करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य है कि हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

महानगर कांग्रेस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने नाम की जांच अवश्य करें और किसी भी समस्या की स्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सम्पर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में पवन गुप्ता, हरप्रकाश अग्निहोत्री, निजामुद्दीन खान, शंकर दत्त मिश्रा, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, रितेश यादव, अजय श्रीवास्तव, राम शंकर राय, प्रमोद गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कन्नौजिया, विनय जायसवाल, मो. अकील, देव राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप