home page

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन काे मंत्री ने  सराहा

 | 
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन काे मंत्री ने  सराहा


जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन काे मंत्री ने  सराहा


विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया विशेष बल

कन्नौज , 07 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम हज एवं वक्फ विभाग ओम प्रकाश राजभर ने आज सर्किट हाउस, कन्नौज में पंचायती राज विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं जिला पंचायत द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में पाैधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी, ग्राम सचिवालयों में जन सुविधा केंद्रों की स्थापना, ग्रामीण अन्त्येष्टि स्थल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत उत्सव भवन, मॉडल शौचालय, पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम तथा उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों के विवरण अपलोड किए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति का गहनता से अवलोकन किया।

मंत्री ने जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इसी प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन आगे भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली कोई भी परियोजना अथवा योजना लंबित नहीं रहनी चाहिए। पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, निर्माण कार्यों में तेजी लाकर परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी परियोजना के अंतर्गत यूपी डेस्को द्वारा कंप्यूटर आपूर्ति के शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उम्मीद पोर्टल पर सभी वक्फ संपत्तियों का विवरण सही, अद्यतन एवं पारदर्शी रूप से दर्ज किया जाए, जिससे अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, विकास खंड, तहसील एवं जनपद स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रकाश, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा