home page

चार करोड़ के ई-रिक्शा धूल फांकने पर मंत्री असीम अरुण सख्त, मरम्मत कर संचालन के निर्देश

 | 
चार करोड़ के ई-रिक्शा धूल फांकने पर मंत्री असीम अरुण सख्त, मरम्मत कर संचालन के निर्देश


कन्नौज, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद की ग्राम पंचायतों में कूड़ा संग्रहण के लिए करीब चार करोड़ रुपये से खरीदे गए 364 ई-रिक्शा के अनुपयोगी पड़े रहने पर समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कड़ा रुख अपनाया है। एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए शनिवार को उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी ई-रिक्शा का स्थलीय सत्यापन कराने और खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराकर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था के लिए सार्वजनिक धन से खरीदे गए संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करना जरूरी है। रखरखाव और संचालन के अभाव में वाहनों का बेकार पड़े रहना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा से नियमित कूड़ा संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित कराने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने को कहा है।

असीम अरुण ने पूरे मामले में प्राथमिकता से कार्रवाई कर वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा