कन्नौज: सड़क हादसे में भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष की मौत
कन्नौज, 01 मई (हि. स.)। तेज रफ्तार इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बिहार के भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष की मौत हो गई। वहीं हादसे में 3 लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है।
हादसा ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। इनोवा में 4 लोग सवार थे। घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। दो की गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।
बिहार के भागलपुर जिले के आस्था पटल मंदिर निवासी विनोद मंडल (40) दिल्ली से पटना जा रहे थे। कार में उनके साथ भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा (52) निवासी भागलपुर, उनकी साली कुमारी सपना (23) निवासी भागलपुर और विभु आर्यन (20) निवासी शोभागंज, सासाराम (रोहतास) भी सवार थे।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे तालग्राम थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किमी संख्या 169 रनवा के पास ड्राइवर विनोद मंडल को झपकी आ गई। इससे इनोवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से रगड़ती हुई एनपीआर के मध्य पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में प्रवीण सिंह कुशवाहा और कुमारी सपना गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद मंडल और विभु आर्यन को मामूली चोटें आईं। तालग्राम पुलिस, गश्ती दल, सेफ्टी व रिकवरी टीम और एंबुलेंस के साथ सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया मौके पर पहुंचे। मौके से मिले दो मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिए गए। हादसे के बाद मार्ग को साफ कर यातायात सुचारू कर दिया गया। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

