राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के संदेश से गूंजा कन्नौज
हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कन्नौज , 09 अगस्त (हि. स.)। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत जनपद में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा रैली आयोजित की गई। देशभक्ति गीतों और राष्ट्रीय भावना से सराबोर इस यात्रा ने नगरवासियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और प्रबल किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अमर जवान ज्योति केंद्र से शुरू होकर लाखन तिराहा, कन्नौज पहुंचकर सम्पन्न हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों एवं गीतों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। यात्रा के मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी के माध्यम से जनउत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जोड़ते हुए देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 09 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करें और अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र का ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव, स्वतंत्रता और असंख्य वीरों के बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोते हुए नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करता है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, उपजिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

