कन्नौज: बेसिक स्कूलों के मर्जर का पुरजोर विरोध करेगी सपा : अखिलेश यादव
कन्नौज, 21 जून (हि. स.)। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सरकार की स्कूल मर्जर योजना का जोरदार विरोध करते हुए कहा कि इससे गांवों में बेटियों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा जब स्कूल दूर होंगे तो लड़कियां कैसे पढ़ने जाएंगी? यह फैसला गरीबों और गांव के बच्चों की शिक्षा के खिलाफ है। अखिलेश ने एलान किया कि सपा इस योजना का हर स्तर पर विरोध करेगी।
कानून-व्यवस्था को बताया पूरी तरह ध्वस्त
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का राज है। हर जिले से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया जनता परेशान है लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही। अखिलेश ने यूपी पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था की नाकामी को प्रदेश की सबसे बड़ी चुनौती बताया।
सरकार सरकारी नौकरी नहीं देना चाहती है
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश बोले- हम लोग स्कूल मर्जर का विरोध करेंगे। अगर ये स्कूल बच्चों के घर से दूर हुए तो वो लोग कैसे स्कूल पहुंचेंगे। क्या सरकार उनके लिए किसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का भी इंतजाम करेगी। हमारी बेटियां कैसे पहुंचेंगी। सरकार सरकारी नौकरी नहीं देना चाहती है इसीलिए स्कूलों को मर्ज करना चाहती है। नौकरी मतलब सरकारी नौकरी और सरकारी नौकरी न देने का मतलब है, आरक्षण को छीन लेना। सरकार जान बूझकर ये कर रही है।
2027 का रोडमैप साफ
अखिलेश यादव ने साफ कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकसभा की तर्ज पर इंडिया गठबंधन के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के समर्थन और मजबूत गठबंधन से भाजपा काे हमारा पीडीए पूरी तरह से सफाया करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

