अमेठी : जमीनी विवाद में हुई हत्या के तीसरे दिन कन्हैया का अंतिम संस्कार, पुलिस छावनी में तब्दील गांव
अमेठी, 12 नवंबर (हि.स.)। अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजू का पुरवा मजरे नरैनी गाँव में घर में घुसकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला और कन्हैया लाल वर्मा की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों का विरोध करीब 60 घंटे बाद शांत हुआ। आरोपियों की गिरफ्तारी, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने, रास्ता दिलाने और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे थे। गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन और चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। गुरुवार की शाम करीब छह बजे गांव में ही कन्हैया लाल का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा। अमेठी, संग्रामपुर और पीपरपुर थानों की पुलिस के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के राजू का पुरवा मजरे नरैनी गांव का है। यहां रास्ते की जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच करीब 15 से 20 वर्षों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को खेत में पानी लगाने के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर कन्हैया लाल वर्मा (57) और उनके बेटे पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान कन्हैया लाल की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर अभय शुक्ला, विपुल शुक्ला, संजय शुक्ला और महेंद्र कुमार शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाते हुए अंतिम संस्कार से साफ इनकार कर दिया। मृतक की पत्नी कमला देवी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी विपक्षियों ने हमला किया था, जिसमें उनका पैर टूट गया था। परिजनों के विरोध और बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत सात पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार और क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि मामले में चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
वहीं, एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि परिजन रास्ता दिलाने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग कर रहे थे। उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। विरोध और प्रशासनिक मशक्कत के बाद गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

