home page

कंधी चौराहे पर कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा

 | 
कंधी चौराहे पर कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा


कंधी चौराहे पर कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा


जौनपुर,17 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के तीसरे सोमवार के जनपद के बदलापुर क्षेत्र में निकाली गई भव्य शिव कांवड़ यात्रा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में निकली कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर शामिल हुए। कंधी चौराहे के पास कांवड़ियों पर राजकीय हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान हेलीकॉप्टर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सवार रहे।

हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होते ही सड़क पर मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। शिवभक्तों ने पुष्पवर्षा का स्वागत करते हुए धार्मिक उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा जारी रखी। राजकीय हेलीकॉप्टर ने बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर स्थित मिडिल स्कूल के मैदान में लैंडिंग की। यहां से डीएम और एसपी हेलीकॉप्टर पर सवार होकर कांवड़ यात्रा के मार्ग की ओर रवाना हुए। इसके बाद हेलीकॉप्टर कंधी चौराहे के समीप पहुंचा, जहां कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई।

विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान जगह-जगह शिवभक्तों का उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पूरे मार्ग पर सक्रिय रहीं। कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया और पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव