home page

कंचौसी स्टेशन पर दूसरे दिन भी टिकट वितरण ठप, यात्री परेशान

 | 
कंचौसी स्टेशन पर दूसरे दिन भी टिकट वितरण ठप, यात्री परेशान


औरैया, 26 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी रेलवे स्टेशन पर दूसरे दिन भी टिकट वितरण व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी। टिकट नहीं मिलने से दैनिक यात्रियों के साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर अनारक्षित टिकट वितरण ठप होने से यात्रियों को दूसरे रेलवे स्टेशनों से टिकट लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। कई यात्रियों को टिकट के लिए दूसरे स्टेशनों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। लगातार दूसरे दिन भी समस्या का समाधान नहीं होने से यात्रियों में रेलवे की व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।

यात्रियों का कहना है कि कंचौसी रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान परेशान न होना पड़े। इससे पहले भी स्टेशन पर टिकट वितरण व्यवस्था बाधित होने की समस्या सामने आ चुकी है, लेकिन दूसरे दिन भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।

इस संबंध में डीआरएम प्रयागराज के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। संबंधित विभाग की टीम को निर्देशित किया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार