कामतानाथ दर्शन को जा रहे तीन श्रद्धालुओं को स्कॉर्पियो ने रौंदा, दो की मौत व एक गंभीर घायल
बांदा, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट स्थित कामतानाथ मंदिर दर्शन के लिए बाइक से जा रहे तीन श्रद्धालु सोमवार शाम बांदा जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के चंदला थाना क्षेत्र के छठी बभौरी गांव निवासी शत्रुघ्न गुप्ता (45) पुत्र तुलाराम गुप्ता, हल्कू त्रिवेदी (62) पुत्र नवल किशोर त्रिवेदी तथा रामनारायण गुप्ता (60) पुत्र सीताराम गुप्ता एक प्लेटिना बाइक से चित्रकूट स्थित कामतानाथ मंदिर की परिक्रमा एवं दर्शन के लिए जा रहे थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों श्रद्धालु सड़क पर जा गिरे। हादसे में शत्रुघ्न गुप्ता और हल्कू त्रिवेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामनारायण गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रामनारायण को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद भाग रही स्कॉर्पियो को चालक सहित पकड़ लिया गया और वाहन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
क्षेत्राधिकारी अतर्रा सुश्री प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

