home page

सपा मुख्य सचेतक पद से कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा

 | 
सपा मुख्य सचेतक पद से कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा


लखनऊ, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य सचेतक और मुरादाबाद की कांठ सीट से विधायक कमाल अख्तर ने मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सौंपा है।

कमाल अख्तर के उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते और पार्टी के चुनाव तैयारियों के बीच अचानक इस्तीफे को लेकर तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि उनके इस्तीफे से जुड़ा मुख्य कारण और सपा सांसद रुचि वीरा के साथ उनकी हालिया खींचतान और मनमुटाव को माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के नेता इस मुद्दे में चुनावी दौर के चलते कुछ भी बोलने से बच रहे हैं लेकिन पार्टी में इस अंदरूनी कलह की चर्चाएं जोरों पर हैं। वहीं अभी तक सपा आलाकमान ने मुख्य सचेतक पद पर किसी नए नाम की घोषणा नहीं की है, लेकिन जल्द ही नए नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

अपने इस्तीफे को लेकर कमाल अख्तर ने स्पष्ट किया कि मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पर मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दिया है। वो हमारे नेता हैं, उनका आदेश मानना हमारा कर्तव्य है। अपने इस्तीफे को लेकर सफाई में उन्होंने कहा कि पार्टी में समय-समय पर नेताओं की जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं। ये भी इसी रूटीन बदलाव का हिस्सा है। मैं करीब डेढ़ साल से इस पद पर था। पार्टी में अब किसी नए नेता को यह जिम्मेदारी मिलेगी। मुझे चुनाव लड़ना है, इसलिए मेरा फोकस अब अपनी सीट पर है।

उल्लेखनीय है कि कमाल अख्तर को जुलाई 2024 में इस पद की जिम्मेदारी उस वक्त सौंपी गई थी, जब मनोज कुमार पांडेय ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। वर्तमान में मनोज पांडेय मंत्री हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा