home page

कलश सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में जीता कांस्य पदक

 | 
कलश सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में जीता कांस्य पदक


फतेहपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के कलश सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलम्पियाड में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बुधवार को कलश सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), रक्षा मंत्रालय एवं विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अनुमोदित किया गया है।

जिले के धाता नगर पंचायत अंतर्गत हरदवां गांव निवासी राजेश सिंह के पुत्र कलश सिंह ने प्रयागराज स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट में आयोजित सम्मान समारोह में कलश सिंह को यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खास बात यह है कि कलश सिंह अभी कक्षा 3 के छात्र हैं और इतनी कम उम्र में उनकी इस उपलब्धि ने सभी को गौरवान्वित कर दिया है। कलश सिंह की सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता राजेश सिंह ने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व जताया और कहा कि यह मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। वहीं गांव हरदवां में भी लोगों ने कलश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे क्षेत्र के बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।

ग्रामीणों ने कहा कि छोटे से गांव के छात्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कलश सिंह की इस उपलब्धि से अन्य छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कलश सिंह की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार