स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय महिला कबड्डी टीम को ब्रजेश पाठक ने दी बधाई
लखनऊ, 26 सितंबर (हि.स.)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय महिला खिलाड़ियों की इस शानदार जीत पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बधाई दी है।
ब्रजेश पाठक ने अपने बधाई संदेश में कहा कि एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम की यह शानदार जीत अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से देशवासियों का मस्तक गर्व से ऊंचा हुआ है। भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने टीम की सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 27 हुई
भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की कुल संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

