मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग यात्रा का 5 अप्रैल को मुरादाबाद में होगा आगमन
मुरादाबाद, 02 अप्रैल हि.स.। वैदिक धर्म संस्थान एवं ऑर्ट ऑफ लिविंग की ओर से रामगंगा विहार स्थित अभिनव सर कोचिंग क्लासेस में गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित हुई। जिसमें वैदिक धर्म संस्थान के जिला समन्वयक अभिनव सिंह ने कहा कि मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की पावन यात्रा का आगमन मुरादाबाद से 5 अप्रैल को होने जा रहा है।
प्रेसवार्ता में जिला समन्वयक अभिनव सिंह ने बताया कि 1024 ई. के उस युद्ध में लगभग 50 हजार लोगों ने अपनी जान की आहुति दी। लेकिन मूल शिवलिंग की रक्षा नहीं हो सकी। खंडित शिवलिंग के कुछ अंश अग्निहोत्री ब्राह्मण दक्षिण भारत ले गए। वर्ष 1924 में अग्निहोत्री पंडितों ने कांची के शंकराचार्य से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
शंकराचार्य ने निर्देश दिया कि उचित समय आने तक इनकी पूजा जारी रखें और भविष्य में दक्षिण भारत में शंकर नाम के संत को यह शिवलिंग सौंप दें। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में 15 जनवरी 2025 को सीताराम शास्त्री की ओर से बेंगलुरू स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर को मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग प्रदान किया गया। इसी कड़ी में यह यात्रा पांच अप्रैल को मुरादाबाद पहुंचेगी।
आर्ट ऑफ लिविंग के मीडिया प्रभारी अभिनव अग्रवाल ने बताया पांच अप्रैल को शाम चार बजे एमआईटी परिसर में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर जिला शिक्षक समन्वयक सीए पुनीत बर्मन, शिक्षक डॉ. गोपाल कृष्ण शर्मा, स्टेट टीचर कोऑर्डिनेटर रोहित अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, विभा अरोड़ा, ऋषि यादव आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

