home page

अतुल अग्रवाल समेत पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने के विरोध देवरिया में पत्रकारों का फूटा गुस्सा

 | 
अतुल अग्रवाल समेत पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने के विरोध देवरिया में पत्रकारों का फूटा गुस्सा


अतुल अग्रवाल समेत पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने के विरोध देवरिया में पत्रकारों का फूटा गुस्सा




देवरिया, 14 अक्टूबर (हि.स.) । हरियाणा में नशे के खिलाफ खबर प्रसारित करने के मामले में एक समाचार चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल समेत पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को जिले के पत्रकारों का गुस्सा फूट पड़ा। पत्रकारों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा करने और पत्रकारिता की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की।

पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को जनता की आवाज माना जाता है। ऐसे में पत्रकारों को खबरों के कारण हिरासत में लेना और उन्हें प्रताड़ित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज में व्याप्त बुराइयों, भ्रष्टाचार और नशे जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर जनता को जागरूक करने का काम करते हैं। यदि किसी खबर को लेकर आपत्ति है तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। खबर प्रसारित करने वाले पत्रकारों को हिरासत में लेकर कार्रवाई करना स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रभावित कर सकता है। इससे पत्रकारों के बीच भय का माहौल पैदा होने की आशंका है।

ज्ञापन के माध्यम से पांच प्रमुख मांगें उठाई गईं। इसमें पहली मांग प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल और हिरासत में ली गई महिला पत्रकार समेत सभी पांच लोगों के प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की है। दूसरी मांग हिरासत में लेने की प्रक्रिया, दर्ज एफआईआर और संबंधित कानूनी कार्रवाई की समीक्षा कराने की है। तीसरी मांग पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और नशे के मुद्दे पर खबर प्रसारित करने की गतिविधि को पेशेवर पत्रकारिता के संदर्भ में निष्पक्षता से देखने की है। चौथी मांग हिरासत में ली गई महिला पत्रकार की सुरक्षा, गरिमा और कानूनी अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करने की है। साथ ही महिला से संबंधित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन कराने पर जोर दिया गया।

पांचवीं मांग देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कानून बनाने की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में राम प्रताप सिंह, त्रिपुरेशपति त्रिपाठी,चंद्र प्रकाश, संजीत शाही, घनश्याम कुमार रावत, रवि रावत, घनश्याम मणी, अमित मणि त्रिपाठी, मनोज शुक्ला, जितेंद्र श्रीवास्तव ,विवेकानंद, वेद प्रकाश दुबे ,शैलेंद्र मिश्रा, विपुल कुमार तिवारी,सुधीर पांडे ,राहुल उपाध्याय, घनश्याम मिश्र, विनय कुमार सिंह, लालबाबू ,मृत्युंजय, विवेक,अभिजीत कुमार राय ,फिरोज खान पत्रकार शामिल रहे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक