home page

क्षेत्रीय पदाधिकारी मिशन 2027 के लिए बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करें : पंकज चौधरी

 | 
क्षेत्रीय पदाधिकारी मिशन 2027 के लिए बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करें : पंकज चौधरी


-भाजपा अवध क्षेत्र की नवनियुक्त टीम का परिचयात्मक बैठक में शामिल हुए सभी पदाधिकारी

लखनऊ, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर अवध क्षेत्र की नवनियुक्त टीम के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों को संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा के संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा मिशन 2027 को लेकर पूरी मजबूती से कार्य करें।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को विश्वास दिलाया कि आपके नेतृत्व में अवध क्षेत्र की यह टीम 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्व को केवल पद के रूप में नहीं, बल्कि संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में निभाएं तथा पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करें।

प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अवध क्षेत्र की नवनियुक्त टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी।

बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों में क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, राहुल राज रस्तोगी, अवधेश कटियार, डॉ. विमल सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्षों में नीरज वर्मा, राजकिशोर मौर्य, नितिन मित्तल, अवधेश पाण्डेय बादल, रेशु भाटिया, दिनेश सिंह, क्षेत्रीय मंत्रियों में विकास सिंह, महेंद्र लोधी, काशीराम रावत, अंकित सिंह चंदेल, गौरव भाटिया, अंजली मौर्य व रामकुमार वर्मा सहित क्षेत्रीय कार्यकारिणी के सदस्यगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन