home page

30 घंटे बाद मिले संत प्रेमानंद को हंसाने वाले जोजो-जानी, कलाकार ने दोनों मुखौटों को किया बरामद

 | 
30 घंटे बाद मिले संत प्रेमानंद को हंसाने वाले जोजो-जानी, कलाकार ने दोनों मुखौटों को किया बरामद


मथुरा, 06 जून(हि.स.)। वृंदावन में जयपुर के एक कलाकार के अनूठे मुखौटे (पपेट) चोरी होने और फिर फिल्मी अंदाज में उनकी बरामदगी का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। सुप्रसिद्ध संत श्रीप्रेमानंद जी महाराज के सामने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर उन्हें मुग्ध करने वाले प्रसिद्ध मुखौटे ‘जोजो’ और ‘जानी’ को लेकर एक ई-रिक्शा चालक फरार हो गया था। हालांकि, कलाकार की सूझबूझ और रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मुखौटों को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

गौरतलब हो कि जयपुर के प्रसिद्ध कलाकार राहुल मिश्रा अपने साथियों के साथ वृंदावन परिक्रमा के लिए आए थे। गुरुवार की रात करीब 10 बजे वे प्रेम मंदिर के सामने एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक करने के लिए अंदर गए। इस दौरान वे अपना वह बैग ई-रिक्शा में ही भूल गए, जिसमें उनके जान से प्यारे मुखौटे जोजो और जानी रखे हुए थे। राहुल जब कमरा बुक कर बाहर लौटे, तो ई-रिक्शा चालक बैग समेटकर रफूचक्कर हो चुका था। मुखौटे गायब होने से बेचैन राहुल मिश्रा ने तुरंत कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई। लेकिन वे सिर्फ पुलिस के भरोसे नहीं बैठे। शुक्रवार की रात गेस्टहाउस प्रबंधक पिंटू की सलाह पर उन्होंने दो बाइक लीं और अपने चार साथियों के साथ अलग-अलग रूटों पर ई-रिक्शा चालक की तलाश में निकल पड़े।

रात करीब 12 बजे साथियों को वह ई-रिक्शा प्रेम मंदिर के पास दिखाई दिया। राहुल और उनके साथियों ने चुपके से उसका पीछा करना शुरू किया। रात 1 बजे बांकेबिहारी मंदिर के समीप रिक्शा रुकते ही राहुल ने चालक को दबोच लिया। सख्ती से पूछने पर चालक ने बताया कि उसने बैग अपने घर पर छिपा दिया है। इसके बाद वह रात के 3 बजे उन्हें एक बेहद सुनसान इलाके में स्थित अपने कमरे पर ले गया, जहाँ उसने तिरपाल के नीचे बैग को छिपाकर रखा था। बैग खोलकर जब राहुल ने जोजो और जानी को सुरक्षित देखा, तब जाकर उनकी जान में जान आई।

माफी मांगने पर चालक को किया माफ

बैग बरामद होने के बाद ई-रिक्शा चालक ने अपनी गलती के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगी। कलाकार राहुल मिश्रा ने दरियादिली दिखाते हुए उसके खिलाफ कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को मुखौटे मिलने की सूचना देकर राहुल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार