home page

जिलाधिकारी ने एसपी के साथ सीएचसी मुरसान का औचक निरीक्षण, डॉक्टर के न मिलने पर जताई नाराजगी

 | 
जिलाधिकारी ने एसपी के साथ सीएचसी मुरसान का औचक निरीक्षण, डॉक्टर के न मिलने पर जताई नाराजगी


हाथरस, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान का शनिवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सीय सुविधाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के समय इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा चिकित्सक डॉ. विनीत सक्सेना भी अस्पताल में मौजूद नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दोनों मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य है और मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, निरीक्षण के दौरान ओपीडी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती मिलीं। चिकित्सक मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान करते पाए गए। अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता भी सुनिश्चित पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने मरीजों एवं तीमारदारों के लिए की गई पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध सुविधाओं को संतोषजनक बताया। अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था में हुए सुधार पर भी उन्होंने संतोष जताया।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं तथा प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना