युवा संवाद में राष्ट्र निर्माण, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण पर मंथन छह सितंबर को
दीनदयाल सभागार में प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंदकुमार करेंगे युवा व्यवसाइयों का मार्गदर्शन
झांसी, 04 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में युवा सम्मेलन समिति, झांसी महानगर की ओर से छह सितंबर को ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम चार बजे से छह बजे तक पंडित दीनदयाल सभागार में होगा। इसमें युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जानकारी देते हुए महानगर के प्रचार प्रमुख जितेन्द्र मिश्रा ने शुक्रवार काे बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंदकुमार होंगे। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए प्रेरित करना है।
जे. नंदकुमार संघ के प्रमुख वैचारिक वक्ताओं में शामिल हैं। उनका जन्म केरल के पथानामथिट्टा जिले के पंडालम में हुआ। कॉलेज के दिनों में ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और प्रचारक के रूप में कार्य शुरू किया। उन्होंने केरल में जिला प्रचारक, प्रांत बौद्धिक प्रमुख और सह-प्रांत प्रचारक सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वे संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
वर्तमान में वे प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में देशभर के बुद्धिजीवियों, विचारकों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच वैचारिक संवाद और समन्वय से जुड़े कार्य करते हैं। उन्हें भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित बौद्धिक विमर्श को बढ़ावा देने और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन तथा पुनर्प्रस्तुतीकरण की वकालत के लिए जाना जाता है।
युवा संवाद में राष्ट्र, समाज और संस्कृति से जुड़े समकालीन विषयों पर युवाओं के साथ संवाद की अपेक्षा है। आयोजकों का कहना है कि युवाओं को केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारियों, पर्यावरण संरक्षण, परिवार और सामाजिक समरसता जैसे विषयों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। कार्यक्रम में झांसी महानगर के युवाओं की सहभागिता रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

